उपजिलाधिकारी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तेजस के ने गैस एजेंसी व पेट्रोल पम्पो का औचक निरीक्षण कर आवाश्यक दिशा निर्देश दिए
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत एडवोकेट ।। सिरौली गौसपुर । क्षेत्र में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उपजिलाधिकारी तेजस के ने तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा और पूर्ति निरीक्षक सुनील कुमार के साथ पेट्रोल पंपों और इंडियन गैस एजेंसी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तेजस के अधिकारियों के साथ इंडियन गैस सर्विस सैदनपुर पहुंचे। यहां एजेंसी मालिक फ़ैज़ अहमद की देखरेख में गैस का वितरण हो रहा था। उन्होंने उपभोक्ताओं से गैस वितरण संबंधी जानकारी ली, जिस पर उपभोक्ताओं ने बुकिंग के बाद गैस मिलने की बात कही। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने एजेंसी मालिक फ़ैज़ अहमद से स्टॉक की स्थिति के बारे में पूछताछ की। फ़ैज़ अहमद ने बताया कि बुकिंग के बाद ओटीपी के माध्यम से उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। एजेंसी मालिक ने बताया कि गोदाम में 178 भरे हुए सिलेंडर मौजूद हैं और 342 सिलेंडरों की एक गाड़ी निकल चुकी है, जो शाम तक पहुंच जाएगी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने अन्य अभिलेखों की भी जांच की और निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या न हो। वे गैस एजेंसी की व्यवस्था से संतुष्ट दिखे। एजेंसी मालिक फ़ैज़ अहमद ने उपभोक्ताओं से अपील की कि जिनकी ई-केवाईसी अभी बाकी है, वे ऐप के माध्यम से ऑनलाइन स्वयं कर सकते हैं या एजेंसी के कर्मचारियों से संपर्क कर इसे पूरा करवा लें। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत होली पर मिलने वाली छूट का पैसा लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए यह आवश्यक है, और मुफ्त सिलेंडर का पैसा भेजा जा रहा है, जबकि ई-केवाईसी प्रक्रिया जारी है। गैस एजेंसी के निरीक्षण के बाद, उप जिलाधिकारी ने सैदनपुर और औलियालालपुर स्थित पेट्रोल पंपों का भी दौरा किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस संबंध में तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा ने बताया कि क्षेत्र की गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया है और एजेंसी मालिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।









