विशाल हिन्दू जागरण के तहत भुजौली में भव्य हिन्दू सम्मेलन, जयकारों से गूंजा वातावरण

विशाल हिन्दू जागरण के तहत भुजौली में भव्य हिन्दू सम्मेलन, जयकारों से गूंजा वातावरण

निष्पक्ष जन अवलोकन। रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी। देवरिया। विशाल हिन्दू जागरण अभियान के क्रम में महावीर बस्ती, भुजौली कॉलोनी स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम परिसर में भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ चरणबद्ध रूप से भूमि पूजन, साइकिल रैली, शोभायात्रा और कलश यात्रा के माध्यम से हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में हिन्दू जनमानस के जागरण का संदेश प्रसारित हुआ। भगवान आदित्य के आगमन के साथ ही आयोजन स्थल पर चहल-पहल बढ़ गई। हजारों की संख्या में पहुंचे हिन्दू जनमानस की उपस्थिति से पूरा परिसर जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा और वातावरण पूर्णतः हिंदुत्वमय हो गया। हिन्दू सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत अतिथियों द्वारा माँ भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय सह-प्रचारक प्रमुख स्वान्त रंजन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमें आत्ममंथन करने की आवश्यकता है कि हम कौन थे, हमारा धर्म, संस्कृति और हमारे पूर्वज कौन थे। उन्होंने कहा कि भारतवर्ष कभी विश्वगुरु था और हिन्दुओं की उदासीनता के कारण ही बाहरी आक्रांताओं को शासन करने का अवसर मिला। समाज के जागृत होने से असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं, जिसका उदाहरण श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन है। उन्होंने भारत की अखंडता को बनाए रखने और पंच परिवर्तन पर अमल करने का आह्वान किया। मातृशक्ति का प्रतिनिधित्व कर रहीं कथावाचक पूनम मिश्रा ने कहा कि यह मंच गर्जना का मंच है, जो विरोधियों की नींव हिला देता है। नारी राष्ट्र की जननी और निर्माणकर्ता है, राष्ट्र को चलाने की शक्ति नारी में निहित है। उन्होंने मानस से कैकेयी के चरित्र का उदाहरण देते हुए त्याग और धर्म की व्याख्या की। संत समाज की ओर से श्री दत्तात्रेय धाम के स्वामी परमानन्द गिरी ने कहा कि उपस्थित जनमानस हिन्दू धर्म के संवाहक हैं और धर्म रक्षा व जनजागरण की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने हिन्दुत्व से सकारात्मक भाव जागृत होने की बात कही और संस्कार, शिखा, चंदन तथा शास्त्र-शस्त्र के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. एस.के. सिंह ने सभी आगंतुकों व सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन चंद्रभान विश्वकर्मा ने किया। हिन्दू सम्मेलन में प्रमुख रूप से सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, पूर्व विधायक सत्य प्रकाश त्रिपाठी, नगरपालिका अध्यक्ष अलका सिंह सहित अंशु मणि, राम सिंहासन, धर्मेंद्र, भगवान, नीरज, गोपीचंद, विमला, जेपी जायसवाल, चंद्रकांत मणि, राम आधार, यशवंत, संतोष, सुभाष, रमेश, मार्कण्डेय, गिरिजेश, सीमा, संजय, विवेकानंद, दिव्या, प्रिया, योगेन्द्र, हरगोविंद, अतुल, गोलू, छोटू, मनवीर समेत बड़ी संख्या में हिन्दू जनमानस उपस्थित रहा।