भदोही मे मिशन शक्ति के तहत निकाली गई जागरूकता रैली

भदोही मे मिशन शक्ति के तहत निकाली गई जागरूकता रैली

निष्पक्ष जन अवलोकन।

अनिल तिवारी।

भदोही। मिशन शक्ति अभियान के पांचवे चरण के अंतर्गत रविवार को पुलिस लाइन ज्ञानपुर से निकाली गई जागरूकता रैली मे भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारम्भ ज्ञानपुर के विधायक विपुल दूबे की पत्नी संगीता दूबे नें हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस जागरूकता रैली मे महिला पुलिस कर्मी, समाजसेवी महिलाएं, छात्राएँ शामिल हुई। महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त बनाने और जागरुक करने हेतु 21 अक्टूबर 2025 तक विशेष अभियान के तहत मिशन शक्ति अभियान को नियमित सुचारू रूप से चलाया जायेगा। मालूम हो कि मिशन शक्ति विशेष अभियान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा, सशक्तिकरण व सम्मान के उदद्देश्यों के साथ मिशन शक्ति के रूप में वृहद अभियान के पहले चरण की शुरूवात 17 अक्टूबर 2020 को की गई थी। अभी तक 5 चरणों में इसका संचालन किया जा चुका है। मिशन शक्ति के अंतर्गत प्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग, गृह, सहित 28 विभागों तथा समाज-सेवी संस्थायें तथा शैक्षणिक संस्थानों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। अभियान के प्रथम 4 चरणों में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से 9 करोड़ से अधिक जन-सामान्य तक पहुंच कर उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं तथा कार्यक्रमों से अवगत कराया गया है। मिशन शक्ति के पांचवे चरण के विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी थानों पर मिशन शक्ति केन्द्र बनाया गया तथा इसमें योग्य महिला उप निरीक्षक, महिला मुख्य आरक्षी व महिला आरक्षी की नियुक्त की गयी है तथा इनके द्वारा महिला सम्बन्धित अपराधों की सुनवाई कर उनके त्वरित निस्तारण हेतु कार्यवाही करेगी ताकि महिला सम्बधित घटित होने वाले अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके। महिला शक्ति केन्द्र पर आने वाली पीड़िता के साथ सम्मान जनक व्यवहार व उन्हें उचित विधिक सहायता तत्काल उपल्बध कराना पुलिस का प्रथम उद्देश्य है। मिशन शक्ति के विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी थानों पर नियुक्त महिला बीट अधिकारी, कर्मचारीगण, समस्त थानों पर गठित महिला सुऱक्षा विशेष दल व एन्टी रोमियो टीम द्वारा गाँवों में जन चौपाल लगाकर व बस स्टैंड, बाजार, गांव, कस्बा, स्कूल, कालेज, सार्वजनिक एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर बालिकाओं और महिलाओं से वार्ता कर महिला सुरक्षा सम्बन्धी उपायों के बारे में जागरूक करते हुए उन्हे सशक्त बनाने का प्रयास किया जायेगा । शक्ति दीदी अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं को उत्रर प्रदेश सरकार व पुलिस द्वारा चलाई जा रही सुरक्षा संबंधित विभिन्न सेवाएँ जैसे वुमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108 सहित जनपद के विभिन्न थानों व अन्य सीयूजी नम्बर के बारे में विस्तृत जानकारी देकर जागरुक किया जायेगा। महिलाओ एवं बालिकाओं से वार्ता कर उनके अन्दर आत्मविश्वास को बढाने का प्रयत्न किया जायेगा। कार्यक्रम मे ज्ञानपुर विधायक विपुल दूबे की पत्नी संगीता दूबे, ज्ञानपुर विधायक विपुल दूबे, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, यातायात सीओ राजीव सिंह समेत भारी संख्या मे पुलिस के लोग मौजूद रहे।