तेज रफ्तार बाइक पुलिया से टकराई, तीन युवक घायल, दो की हालत गंभीर

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। फतेहपुर-भगौली मार्ग पर खारजा पुलिया के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई, जिससे उस पर सवार तीन युवक घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दो युवकों की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर घायलों की पहचान हरदोई निवासी अरशद (18) पुत्र नजीम, अमन (16) पुत्र मैनुद्दीन और सदान के रूप में हुई है। तीनों युवक गोंडा स्थित सरसों खरीद केंद्र पर ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्यरत थे। रविवार सुबह अवकाश मिलने पर वे अपने घर हरदोई लौट रहे थे। सुबह करीब 7 बजे तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर गोंडा से निकले थे। दोपहर में फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग पर भगौली से पहले तेज रफ्तार के चलते उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से टकरा गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अरशद और अमन की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और उपचार के बाद तीनों को अपने साथ घर ले गए।