पयस्वनी नदी के कटान पर सख्त रुख, मंत्री ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

पयस्वनी नदी के कटान पर सख्त रुख, मंत्री ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। जनपद चित्रकूट की राजापुर तहसील क्षेत्र में बहने वाली पयस्वनी नदी के बढ़ते कटान को लेकर अब शासन स्तर पर हलचल तेज हो गई है। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मंत्री कार्यालय से जारी जानकारी के मुताबिक, भाजपा चित्रकूट जिलाध्यक्ष महेन्द्र कुमार कोटार्य ने 5 दिसंबर 2025 को एक पत्र भेजकर तहसील राजापुर के विकास खंड पहाड़ी अंतर्गत ग्राम अरछा बरेठी से गुजर रही पयस्वनी नदी में हो रहे तेज कटान को रोकने के लिए कटानरोधी कार्य कराए जाने की मांग की थी। इस पत्र का संज्ञान लेते हुए मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने 10 फरवरी 2026 को सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि विभाग जल्द से जल्द ठोस और प्रभावी कदम उठाए, ताकि नदी के कटान से हो रहे नुकसान को रोका जा सके। पयस्वनी नदी के कटान से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को लंबे समय से भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उपजाऊ कृषि भूमि लगातार नदी में समा रही है, जिससे न केवल खेती प्रभावित हो रही है बल्कि ग्रामीणों की आजीविका पर भी संकट गहराता जा रहा है। इस समस्या को लेकर स्थानीय स्तर पर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही थी। ग्राम अरछा बरेठी निवासी और वरिष्ठ पत्रकार शंकर प्रसाद यादव पिछले तीन-चार वर्षों से इस समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने कई बार शासन-प्रशासन को पत्र लिखकर ध्यान आकर्षित किया, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। हाल ही में उन्होंने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से फिर से मामला उठाया और भाजपा जिलाध्यक्ष के जरिए सिंचाई मंत्री तक अपनी बात पहुंचाई। उनके इस प्रयास का सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है। मंत्री के निर्देश के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही कटान रोकने के लिए ठोस कार्य शुरू होगा। यदि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाते हैं, तो न केवल भूमि का क्षरण रुकेगा बल्कि किसानों को भी बड़ी राहत मिलेगी।