सपा की मासिक बैठक में महंगाई, मतदाता सूची और जातीय जनगणना पर हुई चर्चा
गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक में जिलाध्यक्ष ब्रजेश गौतम ने मतदाता सूची की जांच, जातीय जनगणना और महंगाई के मुद्दे पर कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। समाजवादी पार्टी की जिला इकाई की मासिक बैठक शनिवार को बेतियाहाता स्थित पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन जिला महासचिव रामनाथ यादव ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे मतदाता सूची में मौजूद अनियमितताओं की जांच कर उसकी रिपोर्ट जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि निर्वाचन कार्यालय में आवश्यक शिकायत दर्ज कराई जा सके। उन्होंने कहा कि विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जिन मतदाताओं के नाम एक से अधिक बार मतदाता सूची में दर्ज हैं, उनकी जांच कर फार्म-7 के माध्यम से ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन प्रक्रिया अपनाकर गलत नामों को हटवाने का कार्य किया जाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से खाद, बीज, डीजल, पेट्रोल तथा बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर जनता को जागरूक करने का आह्वान किया। साथ ही विधानसभा मुख्यालयों पर उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपने और इसकी सूचना जिला कार्यालय को देने के निर्देश दिए। उन्होंने जातीय जनगणना के संबंध में भी व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
ब्रजेश गौतम ने कहा कि भाजपा शासन में जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। महंगाई लगातार बढ़ रही है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र बार-बार लीक हो रहे हैं। किसानों को खाद, बीज और डीजल के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं हुआ और सरकार अपने वादों पर खरी नहीं उतरी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में जातिवाद, भ्रष्टाचार और महंगाई चरम पर है। भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट से आमजन परेशान हैं और सरकार समस्याओं के समाधान में विफल साबित हो रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए तैयार है तथा जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मोहसिन खान, अवधेश यादव, प्रहलाद यादव, नगीना प्रसाद साहनी, डॉ. संजय कुमार, रुपावती बेलदार, मिर्जा कदीर बेग, मुन्नीलाल यादव, देवेंद्र भूषण निषाद, रामजतन यादव, कृष्ण कुमार त्रिपाठी, संजय पहलवान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









