पत्रकार रमाकांत वर्मा का हार्ट अटैक से निधन, पत्रकार जगत में शोक की लहर
निष्पक्ष जन अवलोकन। योगेश जायसवाल। बाराबंकी। तहसील फतेहपुर निवासी वरिष्ठ पत्रकार रमाकांत वर्मा का बुधवार प्रातः अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन उन्हें तत्काल लखनऊ स्थित लारी कार्डियोलॉजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रमाकांत वर्मा लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे और अपने निर्भीक लेखन, निष्पक्ष रिपोर्टिंग तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए पहचाने जाते थे। तहसील फतेहपुर क्षेत्र में उन्होंने पत्रकारिता को एक मिशन के रूप में अपनाया और आमजन की आवाज़ को प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके असामयिक निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। वरिष्ठ पत्रकार रमाकांत वर्मा के निधन की सूचना मिलते ही तहसील फतेहपुर सहित पूरे जनपद बाराबंकी के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। शोक व्यक्त करने वालों ने उन्हें पत्रकारिता का सच्चा सिपाही बताते हुए कहा कि उन्होंने सदैव सत्य और जनहित को प्राथमिकता दी। शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में उदासीन आश्रम बाबा संगत के महंत हेमंत दास, भाजपा नेता राजेश वर्मा, ज्योति प्रिंटर्स के प्रबंधक अमित मौर्य, संतोष वर्मा, गोपी मौर्य, पंकज यादव, वरिष्ठ पत्रकार विजय राम जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार राजेश जायसवाल, पत्रकार योगेश जायसवाल, संतोष गुप्ता, अनूप सिंह, शिवम वर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं क्षेत्रीय नागरिक शामिल रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। परिजनों के अनुसार रमाकांत वर्मा अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, तीन अविवाहित पुत्र एवं एक पुत्री को छोड़ गए हैं। परिवार पर अचानक आए इस दुखद आघात से घर में कोहराम मचा हुआ है। क्षेत्र के नागरिकों ने प्रशासन से परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की है। पत्रकार रमाकांत वर्मा का जीवन ईमानदार, निडर और जनसेवा को समर्पित रहा, जिसे क्षेत्रवासी सदैव स्मरण रखेंगे।