शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग,करीब डेढ़ लाख का नुकसान

निष्पक्ष जन अवलोकन l विजय राम जायसवाल l फतेहपुर बाराबंकी। शॉर्ट सर्किट के चलते एक घर में आग लगने से करीब पच्चीस हजार रुपए नक़दी,अनाज, पकड़ा,बर्तन सहित आदि गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक सामान पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया। घटना में पीड़ित का करीब डेढ़ लाख का नुकसान बताया जा रहा है। जानकारी अनुसार मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलहरा नगर पंचायत के मोहल्ला सौरंगा निवासी संजय वर्मा सोमवार सुबह खेत चले गए थे,बच्चे भी बाहर खेलने निकल गए तभी घर के पिछले कमरे में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कमरे में रखे तमाम सामान को अपनी चपेट में ले लिया। मकान से धुंआ उठता देख पड़ोस के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई जिसके बाद इसकी सूचना संजय को दी गई,मौके पर पहुंचे घर मालिक ने दरवाजा खोला तो अंदर आग की लिपटें उठ रही थी। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पीड़ित संजय के अनुसार घर में रखे करीब पच्चीस हजार रुपए नकदी, अनाज, पकड़ा, बर्तन,फ्रिज और जरूरी कागजात जलकर पूरी तरह से राख हो गए। इस अग्निकांड में करीब डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना राजस्व प्रशासन को दी गई,जिसके बाद क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी है। पीड़ित ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है तभी कुछ राहत मिल सके ।