नगला डल्लू में सिद्ध बाबा मंदिर पर अखंड रामायण पाठ शुरू

निष्पक्ष जन अवलोकन

बदायूं/बिल्सी। तहसील क्षेत्र के ग्राम नगला डल्लू में स्थित श्री सिद्ध बाबा महाराज मंदिर परिसर में बृहस्पतिवार से अखंड रामायण पाठ का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ शुरू हो गया। यह धार्मिक आयोजन शुक्रवार दोपहर तक निरंतर चलेगा। अखंड रामायण पाठ के शुभारंभ पर मंदिर परिसर में भक्तों की अच्छी खासी मौजूदगी रही। अखंड रामायण पाठ के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और भक्तिभाव का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है और पूरे वातावरण में राम नाम की गूंज बनी हुई है। आयोजन में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजकों के अनुसार अखंड रामायण पाठ के समापन के बाद शुक्रवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी।