भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट
निष्पक्ष जन अवलोकन। रामशंकर वर्मा। रामनगर, बाराबंकी। थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। पीड़ित पक्ष ने रात में असलहा लहराने, तोड़फोड़ करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।लखनऊ के अर्जुनगंज निवासी अभिषेक ने बताया कि उनका ढाबा लखनऊ-बहराइच हाईवे पर ग्राम नचना के पास संचालित है। ढाबे के समीप जनपद गोंडा के करनैलगंज निवासी कल्पना पांडेय का प्लॉट स्थित है, जहां इन दिनों निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि चार मई की रात राज बक्श अपने कुछ साथियों के साथ वाहन से मौके पर पहुंचे और ढाबे के पास रखी टीन में तोड़फोड़ करते हुए सामान इधर-उधर फेंक दिया।पीड़ित के अनुसार विरोध करने पर आरोपितों ने असलहा लहराते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और टीन सेट हटाने की धमकी दी। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर मौके से चले गए। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही गई है। पीड़ित ने थाना रामनगर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।तहसीलदार विपुल कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित स्थान पर एनएचएआई विभाग की भूमि भी बताई जा रही है।थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।









