जिलाधिकारी पुलकित गर्ग द्वारा कृषि विज्ञान केन्द्र, गनीवा का भ्रमण
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने आज कृषि विज्ञान केन्द्र, गनीवा का भ्रमण किया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र में आदर्श दलहन ग्राम योजना के अंतर्गत मसूर उत्पादन में सूक्ष्म पोषक तत्व प्रबंधन विषय पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित कृषकों से संवाद स्थापित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कृषकों को ग्रीष्मकालीन दलहन उत्पादन हेतु कृषि विज्ञान केन्द्र से जुड़कर अधिकतम भूमि का उपयोग करना चाहिए। इस दिशा में जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में देश को कुछ दलहनी फसलों का आयात करना पड़ता है, जिसे कृषकों के सामूहिक प्रयासों से कम किया जा सकता है। मसूर, अरहर एवं उड़द जैसी दलहनी फसलों के उत्पादन में क्षेत्रफल और उत्पादकता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिले में उन्नत किस्मों के बीजों की उपलब्धता तथा आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण कृषि विज्ञान केन्द्र के माध्यम से सुनिश्चित कराया जाएगा। इस दौरान चयनित 05 कृषकों को ग्रीष्मकालीन दलहन उत्पादन हेतु मूंग का बीज तथा उद्यान विभाग द्वारा सब्जी बीजों का वितरण किया गया। जिलाधिकारी ने कृषकों से अपील की कि वे नवीन कृषक उत्पादक संगठन (FPO) का गठन करें अथवा पहले से गठित संगठनों से जुड़ें, जिससे दलहन उत्पादन के क्षेत्र में विस्तार संभव होगा। इससे न केवल उत्पादन को बेहतर बाजार मिलेगा, बल्कि सामूहिक प्रयास से लागत घटेगी एवं आय में वृद्धि होगी। कार्यक्रम के दौरान कृषकों ने अपने अनुभव साझा किए तथा खेत स्तर पर आ रही समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने आवश्यक समाधान की कार्यवाही से संबंधित जानकारी दी। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने केन्द्र पर संचालित विभिन्न परियोजनाओं एवं कृषि गतिविधियों का अवलोकन किया, जिनमें कृषि तकनीकी सूचना केन्द्र, बहुमंजिला खेती मॉडल, लघु एवं सीमांत किसानों हेतु 1.20 एकड़ मॉडल फार्म, फसल दृश्यावली, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति, बीज प्रसंस्करण इकाई, बीज उत्पादन क्षेत्र, पशुपालन, मोती पालन, मत्स्य पालन, मशरूम उत्पादन इकाई तथा अनुसूचित जाति के बच्चों हेतु संचालित परमानंद आश्रम पद्धति विद्यालय शामिल रहे। कार्यक्रम में उप निदेशक कृषि राजकुमार तथा जिला उद्यान अधिकारी प्रतिभा पांडेय उपस्थित रहीं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मार्गदर्शन वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख विजय गौतम द्वारा प्रदान किया गया तथा कार्यक्रम का संचालन प्रसार वैज्ञानिक उत्तम कुमार त्रिपाठी द्वारा किया गया। तकनीकी सत्र में केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. मनोज शर्मा, अंजली यादव एवं रोहित मिश्रा द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में कृषि विज्ञान केन्द्र के सभी वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।