दो को मनाई जाएगी बाबा महाकाल की भस्म होली

निष्पक्ष जन अवलोकन

बदायूं/बिल्सी। होली महापर्व के पावन अवसर पर नगर के शिव शक्ति भवन मंदिर में दो मार्च को बाबा महाकाल की भव्य भस्म होली का आयोजन शाम को बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। आयोजक समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजन-अर्चना के साथ होगा। इसके उपरांत बाबा महाकाल का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा और भस्म होली खेली जाएगी। इस दौरान भक्तगण हर-हर महादेव और जय महाकाल के जयघोष के साथ भक्ति रस में सराबोर होंगे। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में नगर व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भस्म होली के साथ भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठेगा। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद का अनुभव हो सके।