घर में घुसकर महिला पर जानलेवा हमला, पांच पर मुकदमा दर्ज

निष्पक्ष जन अवलोकन

विजय राम जायसवाल

फतेहपुर (बाराबंकी)। घर में घुसकर महिला सहित परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए गए प्रार्थनापत्र में रसूलपनाह निवासी भोला नाथ पुत्र बदन ने बताया कि शनिवार को वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान रामतीर्थ पुत्र महादेव, प्रतीर्थ पुत्र महादेव, अनूप पुत्र परशराम, रितेश पुत्र पदुराराम तथा आशीष पुत्र हंसराज अचानक उसके घर में घुस आए। आरोप है कि घर में घुसते ही सभी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

जब भोलानाथ ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने भोलानाथ की पत्नी को भी निशाना बनाया। उनके सिर पर गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान हो गईं। परिजनों के अनुसार, मारपीट में परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं।

घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर बताई है।

पीड़ित भोलानाथ ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने बताया कि प्राप्त प्रार्थनापत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।