रूद्रपुर में चला अतिक्रमण हटाओ बुलडोजर अभियान
तहसील प्रशासन, कोतवाली व नगर पंचायत टीम की संयुक्त कार्रवाई
निष्पक्ष जन अवलोकन। रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी।
रूद्रपुर (देवरिया)। नगर के मुख्य बाजार व चौराहों पर गुरुवार को अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अभियान चलाया। तहसील प्रशासन, कोतवाली पुलिस व नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे बने अस्थायी ठेले, खोमचे और दुकानों के सामने किए गए कब्जों को हटवाया। अभियान के दौरान बुलडोजर चलाकर कई अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त किया गया। टीम ने लोगों को हिदायत दी कि दोबारा सड़क या फुटपाथ पर कब्जा किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उपजिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत, कोतवाल सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन की कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मचा रहा, वहीं आम लोगों ने सड़कें साफ होने पर राहत की सांस ली।