पचपेड़वा में राशन वितरण में गड़बड़ी का आरोप, अंतोदय कार्डधारकों को नहीं मिल रहा पूरा हक

निष्पक्ष जन अवलोकन। बदरुजमा चौधरी।

 पचपेड़वा (विकासखंड )बलरामपुर)अंतर्गत नगर पंचायत पचपेड़वा में सरकारी राशन वितरण को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों ने आरोप लगाया है कि अंतोदय कार्डधारकों को मिलने वाली आवश्यक खाद्य सामग्री में भारी गड़बड़ी की जा रही है, जिससे गरीब परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, सरकार द्वारा अंतोदय कार्डधारकों को हर तीन महीने पर 3 किलो चीनी उपलब्ध कराई जाती है, लेकिन यहां हकीकत कुछ और ही है। लाभार्थियों का कहना है कि कई लोगों को मात्र 1 किलो चीनी देकर टाल दिया जाता है, जबकि कुछ को यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि “चीनी आई ही नहीं है।” इतना ही नहीं, जिन लोगों को चीनी दी भी जाती है, उनसे निर्धारित मूल्य से अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं, जिसे ओवर रेटिंग का मामला बताया जा रहा है। इसके अलावा, अंतोदय लाल कार्डधारकों को हर महीने मिलने वाले राशन में भी कटौती की शिकायतें सामने आई हैं। कोटेदार बनारसी लाल पर आरोप है कि वे खडतौली (कम तौल) कर राशन वितरित करते हैं, जिससे पात्र लोगों को उनका पूरा हक नहीं मिल पाता। इस कारण कई गरीब परिवारों को भूखे पेट सोने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस संबंध में कई बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में संवाददाता ने सप्लाई इंस्पेक्टर जितेंद्र से दूरभाष पर संपर्क किया, तो उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।