चौ. चरण सिंह की जयंती पर भव्य किसान दिवस, 101 किसान व पूर्व सैनिक सम्मानित
निष्पक्ष जन अवलोकन आगरा।
शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ आगरा।
आगरा।प्रगतिशील जाट महासभा के तत्वावधान में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती के अवसर पर तारा पैलेस, रोहता (आगरा) में भव्य एवं विशाल किसान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उन्नतशील किसानों एवं पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 101 किसानों और पूर्व सैनिकों को सम्मान देकर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में आगरा जनपद के जाट समाज से जुड़े अनेक वरिष्ठ समाजसेवी, किसान नेता एवं गणमान्य लोग एक मंच पर उपस्थित रहे। समारोह का आयोजन प्रगतिशील जाट महासभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम फौजदार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें पूर्व सैनिकों, समाजसेवियों और किसानों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि फतेहपुर सीकरी लोकसभा सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना पूरे किसान समाज और देश के लिए गौरव की बात है। आज चौधरी साहब की जयंती पूरे देश में किसान दिवस के रूप में मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हमें चौधरी चरण सिंह के पदचिन्हों पर चलते हुए उनके आदर्शों और किसान हितैषी विचारों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि समाज का यह दायित्व बनता है कि यदि किसी समाज का खिलाड़ी, किसान या मेधावी छात्र आगे बढ़ रहा है, तो सभी को मिलकर उसका सहयोग करना चाहिए। समाज को आगे बढ़ाने वाले लोगों का समर्थन किया जाना चाहिए, न कि उन्हें हतोत्साहित करने वालों का। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए हाल ही में हुए चुनावों को लेकर भी जनता के बीच अपनी बात रखी। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने चौधरी चरण सिंह के जीवन, उनके संघर्ष और किसान हित में किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। किसान दिवस समारोह को सफल बनाने पर अध्यक्ष पुरुषोत्तम फौजदार ने समस्त जनता का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मोहन सिंह सोलंकी, पार्षद राजेन्द्र सिंह चाहर, ओमप्रकाश डागुर, कैप्टन ओमवीर भगोर, कैप्टन महेश कुमार, कैप्टन राजन लाल, नरेन्द्र सिंह चाहर, सूबेदार शिवकुमार जुरेल, विक्रम सिंह चाहर, शिवराम सिंह चाहर, हरिभान सिंह गोल्टी, सोनू चौधरी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।