सशक्त नारी, सशक्त समाज” अभियान के तहत अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया विकास पथ सेवा संस्थान

निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।उत्तर प्रदेश कोएलिशन टू एम्पावर गर्ल्स (UPCEG) ने “सशक्त नारी, सशक्त समाज” अभियान के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया। UPCEG, राज्यभर में 50 से अधिक गैर-सरकारी संस्थाओं के नेटवर्क के रूप में कार्य कर रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बालिकाओं और किशोरियों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सशक्त बनाना है। UPCEG की सदस्य संस्था विकास पथ सेवा संस्थान द्वारा चित्रकूट जिले के डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज, बरवारा गांव में प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान किशोरियों ने जोश और उत्साह के साथ नारे लगाए। प्रभात फेरी के पश्चात विद्यालय सभागार में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बालिकाओं को सरकारी योजनाओं, शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और पोषण जैसे विषयों की जानकारी दी गई। बालिकाओं ने गीत, कविता और भाषणों के माध्यम से अपने विचार रखे और समाज में बालिकाओं की स्थिति सुधारने का संदेश दिया। UPCEG की दृष्टि साझा करते हुए “निर्माण वी द चेंज” की कार्यक्रम अधिकारी अंजली सिंह ने कहा कि “उत्तर प्रदेश कोएलिशन फॉर एम्पावर गर्ल्स” के अंतर्गत सभी साझेदार संस्थाएँ बालिकाओं के मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि हर बालिका अपनी आवाज़ बुलंद करे और अपनी शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं समान अवसरों के प्रति जागरूक बने।” संस्थान के अध्यक्ष एवं समाज वैज्ञानिक डॉ. प्रभाकर सिंह ने कहा कि “इस अभियान का उद्देश्य चित्रकूट में लगभग 500 किशोरियों और प्रदेश में 25,000 से अधिक किशोरियों तक पहुँचना है, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं व अवसरों की जानकारी दी जा सके और उनके सशक्तिकरण में समुदाय की भूमिका सुनिश्चित हो।” उन्होंने किशोरियों को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, बाल सहायता नंबर 1098 तथा अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुपम सिंह ने विकास पथ सेवा संस्थान द्वारा पिछले 15 वर्षों से किशोरियों के सशक्तिकरण हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान ने सिलाई, सोलर एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण के माध्यम से सैकड़ों किशोरियों को आत्मनिर्भर बनाया है। मिलान – बी द चेंज संगठन के सहयोग से चल रहे इस अभियान के माध्यम से अब तक उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और कर्नाटक की एक लाख से अधिक बालिकाओं को शिक्षा, कौशल और नेतृत्व के अवसरों से जोड़ा गया है। आज के कार्यक्रम में प्रिया पांडे, अंजू देवी (कक्षा 12), शिक्षिका आकृति सिंह और महिमा यादव ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्र कुमार ने किया। इस अवसर पर रामप्रकाश प्रजापति, रामलखन यादव, लवलेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह सहित लगभग 250 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।