गोरखपुर: कैंट क्षेत्र में पत्रकार के किराए के मकान में चोरी, लाखों के जेवरात व नकदी पार
गोरखपुर के मोहद्दीपुर स्थित श्रीरामपुर कॉलोनी में पत्रकार के किराए के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के जेवरात और 70 हजार रुपये नकद चोरी कर ली। कैंट पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।
विभव पाठक /ब्यूरो चीफ
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर स्थित श्रीरामपुर कॉलोनी में चोरों ने सूने पड़े किराए के मकान को निशाना बनाते हुए पत्रकार के कमरे का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, चोरों ने उसी मकान में रह रही दूसरी किरायेदार के कमरे का ताला भी तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया और फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पत्रकार प्रिंस पांडेय कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर स्थित श्रीरामपुर कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं। बताया जा रहा है कि 3 मार्च को वह अपने पैतृक गांव पिपराइच थाना क्षेत्र के मठिया गए हुए थे, जिससे उनका कमरा बंद पड़ा था।
5 मार्च को जब वह वापस लौटे तो मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखकर हैरान रह गए। इसके बाद जब उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा देखा तो उसका ताला भी टूटा हुआ था। कमरे के अंदर जाने पर आलमारी का लॉक टूटा मिला और पूरा सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर पता चला कि चोर आलमारी में रखे सोने का हार, टीका, नाक की कील, पायल, चांदी की तस्तरी समेत अन्य जेवरात और करीब 70 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
चोरों ने केवल पत्रकार का ही कमरा नहीं बल्कि उसी मकान में बगल के कमरे में रह रही किरायेदार नेहा प्रजापति के कमरे को भी निशाना बनाया। उनके कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने मंगलसूत्र, कान के झालर और दो जोड़ी पायल चोरी कर ली।
घटना की सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।








