जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों को दी होली पर्व की हार्दिक बधाई,सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों को दी होली पर्व की हार्दिक बधाई,सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील

निष्पक्ष जन अवलोकन।

अनिल तिवारी।

भदोही 02 मार्च 2026/ जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनपदवासियों को होली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि होलिकोत्सव भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जो हमें अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य एवं अहंकार पर भक्ति की विजय का संदेश देता है। यह पर्व समाज में प्रेम, भाईचारा एवं सौहार्द को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि यह सामाजिक एकता, समरसता एवं आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने का भी प्रतीक है। इस पावन अवसर पर हम सभी को अपने जीवन से नकारात्मकता, द्वेष एवं कुविचारों का दहन कर प्रेम, सौहार्द एवं सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का संकल्प लेना चाहिए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील की कि वे होली का पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं परस्पर प्रेम के साथ मनाएं तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने से बचें। यदि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। अंत में उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे इस पावन पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाते हुए जनपद में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखें।