गोरखपुर में खुलेंगे 15 और नये बीपीएचयू, मिलेगी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा
गोरखपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 15 नए ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) स्थापित किए जाएंगे। सीएमओ डॉ. राजेश झा ने सहजनवां और पाली सीएचसी का निरीक्षण कर संभावित स्थानों का जायजा लिया।
विभव पाठक /ब्यूरो चीफ
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए 15 नए ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) स्थापित किए जाएंगे। इन इकाइयों के शुरू होने से ब्लॉक स्तर पर लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश झा ने बृहस्पतिवार को सहजनवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का दौरा कर वहां बीपीएचयू की स्थापना के लिए संभावित स्थान का मुआयना किया। इसके बाद उन्होंने पहले से संचालित पाली बीपीएचयू का निरीक्षण भी किया।
निरीक्षण के दौरान पाली नगर पंचायत के चेयरमैन प्रभाकर दूबे भी मौके पर पहुंचे और सीएमओ के साथ स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
सीएमओ डॉ. झा ने बताया कि जिले में प्रत्येक बीपीएचयू लगभग 2500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। यह तीन प्रमुख भागों—बीपीएमयू, एचएमआईएस और पैथालॉजी यूनिट—में विभाजित होगा। बीपीएमयू में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एक साथ बैठेंगे, जबकि एचएमआईएस विंग के माध्यम से विभिन्न बीमारियों की निगरानी और उनकी रिपोर्टिंग की जाएगी।
बीपीएचयू के पैथालॉजी सेक्शन में 73 से अधिक प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही सैंपल ट्रांसपोर्ट और ब्लॉक क्षेत्र में हो रही जांचों की गुणवत्ता की निगरानी भी यहीं से की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में पाली, शिवपुर, उसवा बाबू और चौरीचौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बीपीएचयू पहले से स्थापित और क्रियाशील हैं। शेष 15 ब्लॉक स्तर की इकाइयों में बीपीएचयू की स्थापना के लिए स्थान चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। इनके शुरू होने से ब्लॉक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में और आसानी होगी।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने पाली सीएचसी की उपस्थिति पंजिका भी जांची। इस दौरान एक अनुपस्थित चिकित्सा अधिकारी समेत कुछ अन्य कर्मचारियों के अनुपस्थित पाए जाने पर उनसे स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया।
पाली सीएचसी में चेयरमैन प्रभाकर दूबे से चर्चा के दौरान सीएमओ ने बीपीएचयू तक जाने वाले मार्ग को दुरुस्त कराने का भी अनुरोध किया, ताकि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।








