रायबरेली पुलिस का बड़ा एक्शन: लूट की वारदात का खुलासा, 06 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार

एसपी के निर्देशन में ऊंचाहार पुलिस की कार्रवाई, लूट का माल, तमंचा व कारतूस समेत तीन बाइक बरामद

रायबरेली पुलिस का बड़ा एक्शन: लूट की वारदात का खुलासा, 06 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार

निष्पक्ष जन अवलोकन 

धीरेन्द्र कुमार 

रायबरेली, 02 मार्च 2026।

जनपद में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देशों पर ऊंचाहार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। लूट की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने 06 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया लैपटॉप, स्मार्टवॉच, डायरी, एक तमंचा 315 बोर, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

घटना 26 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे की है, जब थाना ऊंचाहार क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीगंज के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को रोककर उसका बैग, मोबाइल व अन्य सामान लूट लिया था। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस व साक्ष्यों के आधार पर 02 मार्च को खुल्ली पुल के पास बाग से सभी छह अभियुक्तों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि वे शराब पीने के आदी हैं और खर्च चलाने के लिए वारदात को अंजाम देते थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों में अमन तिवारी, क्रिस कुमार, आदर्श पासी उर्फ नन्नू, दीप वाल्मीकि उर्फ काला, अवनी उर्फ शनि तथा अमित रावत उर्फ अमित कुमार शामिल हैं। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

बरामदगी में शामिल:

01 अदद लैपटॉप

01 स्मार्टवॉच

01 डायरी

01 तमंचा 315 बोर व जिंदा कारतूस

03 मोटरसाइकिल

इस सफल कार्रवाई में ऊंचाहार पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को सराहना देते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।