रायबरेली में अवैध धर्मांतरण गिरोह का भंडाफोड़: 12 गिरफ्तार, कप्तान की सख्ती से मचा हड़कंप

रायबरेली में अवैध धर्मांतरण गिरोह का भंडाफोड़: 12 गिरफ्तार, कप्तान की सख्ती से मचा हड़कंप

निष्पक्ष जन अवलोकन 

धीरेन्द्र कुमार 

रायबरेली (ब्यूरो)। रायबरेली पुलिस ने जनपद में सक्रिय अवैध धर्मांतरण के एक कथित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 पुरुषों और 5 महिलाओं सहित कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हरचंदपुर थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस का आरोप है कि आरोपी गांव-गांव जाकर भजन-कीर्तन और प्रार्थना सभाओं की आड़ में लोगों को आर्थिक मदद, इलाज और अन्य सुविधाओं का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे।

कप्तान की रणनीति से बड़ी सफलता

जनपद के पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देशों और सतर्क निगरानी के चलते यह बड़ी कार्रवाई संभव हो सकी। कप्तान की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत टीम ने त्वरित सूचना पर कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क को बेनकाब कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

भजन मंडली की आड़ में फैलाया जा रहा था जाल

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गांवों में धार्मिक सभाएं आयोजित कर लोगों को ईसाई धर्म के बारे में बताते थे और धर्म परिवर्तन करने पर नकद सहायता व अन्य लाभ देने का प्रलोभन देते थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर सभी आरोपियों को धर दबोचा।

बरामदगी ने खोली पोल

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 5 बाइबिल, ‘नया जीवन भजन माला’ की पुस्तकें, 4 धार्मिक कैलेंडर, भारी मात्रा में पम्फलेट, एक मजीरा, एक झांझ, 6 मोबाइल फोन और धर्म संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जब्त सामग्री से संगठित तरीके से प्रचार-प्रसार की पुष्टि होती है।

मास्टरमाइंड पहले भी जा चुकी है जेल

जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी रामरती के खिलाफ वर्ष 2022 में भी धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। जेल से छूटने के बाद उसने दोबारा नेटवर्क सक्रिय कर लिया था। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और फंडिंग की भी जांच कर रही है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

वादी ओम प्रकाश रावत की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ धारा 351(3) बीएनएस तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3/5(1) के तहत केस दर्ज किया गया है।

टीम की सराहना

इस सफल कार्रवाई को हरचंदपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में उ0नि0 योगेश कुमार पायला, उ0नि0 प्रणव मिश्रा, म0उ0नि0 मोहिनी व पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की पीठ थपथपाते हुए कहा कि जनपद में शांति और सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को सख्ती से कुचला जाएगा।

जनपदवासियों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और यदि किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है तो उस पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।