साइबर ठगी का बड़ा खुलासा: फर्जी खातों से करोड़ों की हेराफेरी करने वाला गिरोह बेनकाब, एक गिरफ्तार
सतर्क रहें, अनजान कॉल-लिंक और बैंक डिटेल साझा करने से बचें
निष्पक्ष जन अवलोकन
धीरेन्द्र कुमार
रायबरेली, 02 मार्च 2026। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत Raebareli Police की साइबर क्राइम टीम ने फर्जी (म्यूल) खातों के जरिए ठगी की रकम इधर-उधर ट्रांसफर करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संदीप सिंह पुत्र सुरेश सिंह निवासी ग्राम जरिया थाना गुरुबख्शगंज, जनपद रायबरेली को तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर पकड़ा गया। गिरोह साइबर फ्रॉड से प्राप्त धनराशि को फर्जी फर्म और विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित कर असली स्रोत छिपाता था। पूछताछ में आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर रकम बांटने की बात कबूल की है। उसके कब्जे से एक स्मार्टफोन बरामद हुआ है, जिसमें लेन-देन से जुड़े अहम डिजिटल सबूत मिले हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के तीन अन्य सदस्य पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि बाकी की तलाश जारी है। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जनता के लिए जरूरी सावधानियां (जागरूकता संदेश)
अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर क्लिक न करें।
किसी को भी OTP, UPI पिन, कार्ड CVV या बैंक डिटेल साझा न करें।
“लोन/इनाम/कस्टमर केयर” के नाम पर आने वाली कॉल से सावधान रहें।
संदिग्ध लेन-देन दिखे तो तुरंत बैंक और 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करें।
साइबर शिकायत के लिए आधिकारिक पोर्टल पर ही रिपोर्ट करें।
पुलिस का संदेश: सतर्कता ही सुरक्षा है। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी आर्थिक क्षति में बदल सकती है। किसी भी शंका की स्थिति में तुरंत सूचना दें।