रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर आत्मरक्षा प्रशिक्षण से छात्राएँ हुईं प्रेरित

रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर आत्मरक्षा प्रशिक्षण से छात्राएँ हुईं प्रेरित

निष्पक्ष जन अवलोकन। रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी । रूद्रपुर (देवरिया)। कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय रूद्रपुर में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती अवसर पर बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने न केवल आत्मरक्षा के मूल मंत्र सीखे, बल्कि महारानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति से स्वयं को जोड़ते हुए भावनात्मक ऊर्जा भी प्राप्त की। प्रशिक्षक मनोज कुमार भाटिया ने छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई के जीवन की प्रेरणादायक घटनाएँ सुनाते हुए बताया कि झांसी की रानी ने बचपन से ही घुड़सवारी, तलवारबाजी और युद्ध कौशल में महारत हासिल कर ली थी। उन्होंने कहा कि, हर बच्ची में वही साहस, वही आत्मसम्मान और वही स्वाभिमान जागृत होना चाहिए, जो रानी लक्ष्मीबाई के चरित्र की पहचान था। उन्होंने छात्राओं को सरल तकनीकों के माध्यम से बताया कि किस तरह कठिन परिस्थितियों में भी स्वयं को सुरक्षित रखा जा सकता है। कार्यक्रम प्रभारी दयाशंकर पाण्डेय ने सभी छात्राओं से आत्मरक्षा प्रशिक्षण में नियमित और गंभीरता से भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि आज के समय में आत्मरक्षा केवल एक कला नहीं, बल्कि प्रत्येक लड़की और महिला के लिए सुरक्षा कवच बन चुकी है। उन्होंने कहा कि, यह प्रशिक्षण छात्राओं के भीतर आत्मविश्वास की ज्योति जलाता है, जिससे वे किसी भी परिस्थिति का सामना निर्भीक होकर कर सकती हैं। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका, शिक्षकों एवं छात्राओं की उपस्थिति में सम्पन्न इस कार्यक्रम में छात्राओं ने प्रशिक्षण सत्रों के दौरान विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षक ने छात्राओं को शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता और सतर्कता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय में उत्साह, ऊर्जा और प्रेरणा का वातावरण बना रहा। छात्राओं ने भी इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनमें आत्मविश्वास और जागरूकता दोनों बढ़े हैं, और वे स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं।