धनतेरस की रात का खौफनाक सच: अघोरी पुजारी हत्याकांड में पत्नी निकली कातिल, सलोन पुलिस ने भेजा जेल

धनतेरस की रात का खौफनाक सच: अघोरी पुजारी हत्याकांड में पत्नी निकली कातिल, सलोन पुलिस ने भेजा जेल

निष्पक्ष जन अवलोकन 

धीरेन्द्र कुमार 

रायबरेली। सलोन कोतवाली क्षेत्र के मुर्तजानगर गांव में धनतेरस की रात हुई अघोरी पुजारी हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। कारेदेवन मंदिर के मुख्य पुजारी मोहननाथ अघोरी की हत्या उसकी पत्नी ने ही की थी। पुलिस ने गुपचुप तरीके से बुधवार शाम आरोपी पत्नी द्रौपदी अघोरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

धनतेरस की रात पुजारी मोहननाथ अघोरी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। उस समय पत्नी भी घायल अवस्था में मिली थी, जिसके चलते उसने गांव के ही दो लोगों—सुखदेव और संजय—पर हत्या का आरोप लगाया था।

लेकिन जांच में पुलिस ने पूरा मामला पलट दिया। एडिशनल एसपी संजीव सिन्हा के निर्देश पर चली गहन जांच में यह खुलासा हुआ कि पति-पत्नी के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था।

कोतवाल राघवन कुमार सिंह ने बताया कि घटना वाली रात पुजारी नशे की हालत में आश्रम पहुंचा था और पत्नी से पैसे मांगने लगा। बात बढ़ने पर उसने पत्नी के गले पर चाकू रख दिया। इसी दौरान बचाव में पत्नी ने आश्रम में रखे बांके से वार कर दिया, जिससे पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।ह

हत्या के बाद महिला ने झूठी कहानी गढ़कर दूसरों पर आरोप मढ़ दिए, लेकिन पुलिस की जांच में सच सामने आ गया।

अब सलोन पुलिस ने पत्नी को ही मुख्य अभियुक्त मानते हुए जेल भेज दिया है।

 • धनतेरस की रात का यह हत्याकांड अब बन गया है गांव में चर्चा का सबसे बड़ा विषय — जहां पूजा और दीपों के पर्व पर मंदिर से उठी थी चीखें और सन्नाटा।