सीएम योगी के बाराबंकी दौरे की तैयारी, मंत्री सतीश शर्मा ने की समीक्षा बैठक 10 फरवरी को दुल्हादेपुर कुटी में हनुमत विराट महायज्ञ में होंगे शामिल
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत।। बाराबंकी । दुल्हदेपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने समीक्षा बैठक की और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री 10 फरवरी को दुल्हदेपुर कुटी में आयोजित होने वाले हनुमत विराट महायज्ञ में शामिल होंगे। राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा शनिवार शाम करीब 4 बजे सिरौली गौसपुर स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं, प्रधानों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी और तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन महीने के भीतर तीसरी बार बाराबंकी का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बाराबंकी के कोटवा धाम, लोधेश्वर महादेव मंदिर और भुड़वा बाबा जैसे तीर्थ स्थलों के साथ-साथ पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को बढ़ावा दे रहे हैं।राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने शनिवार की दोपहर में दुल्हदेपुर में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आवागमन के रास्ते, पार्किंग व्यवस्था, हेलीपैड और जनसभा स्थल सहित सभी आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, एमएलसी अंगद सिंह, प्रशासनिक अधिकारियों में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तेजस के, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्र अधिकारी और तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। इन अधिकारियों ने मंत्री को तैयारियों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की। मुख्यमंत्री 10 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे दुल्हादेपुर कुटी पहुंचेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और जनता से समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने और मुख्यमंत्री के विचारों को सुनने का आग्रह किया।बैठक में प्रधान संघ अध्यक्ष विकेश वर्मा, दयाशंकर शुक्ल, अनिल वर्मा, स्वतंत्र सिंह, सोनू सिंह, जयप्रकाश वर्मा, जसवंत कुमार यादव, पुष्पेंद्र शुक्ला अंशु, मुलायम सिंह यादव, मंडल अध्यक्ष पवन वर्मा सहित कई भाजपा नेता, कार्यकर्ता और प्रधान मौजूद रहे।