फूड प्वाइजनिंग के संदिग्ध मामले में चार बच्चे बीमार
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल।
फतेहपुर(बाराबंकी)l क्षेत्र के इसरौली गांव में फूड प्वाइजनिंग के संदिग्ध मामले में चार बच्चे बीमार पड़ गए। सुबह गाजर का हलवा खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। सभी बच्चों का इलाज जारी है उसकी हालत स्थिर बताई गई है। जानकारी अनुसार, गांव के राकेशकुमार का 12 वर्षीय बेटा अखिलेश गुरुवार रात एक शादी समारोह में शामिल हुआ था। वहां से वह गाजर का हलवा लेकर आया था। सुबह अखिलेश सहित अंजली (14), उदित (4) और प्रतिभा (6) ने घर पर वही हलवा खाया। इसके बाद सभी बच्चे रोजाना की तरह गांव के स्कूल चले गए।स्कूल पहुंचने के कुछ ही समय बाद बच्चोंको पेट में तेज दर्द और लगातार उल्टियां होने लगीं, जिससे स्कूल में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही परिजन बच्चों को लेकर तत्काल नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. देशराज ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि बच्चों में फूड प्वाइजनिंग के लक्षण पाए गए हैं। डॉ. देशराज अनुसार, सभी बच्चों का उपचार किया जा रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। इस घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल है, जहां परिजन यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि गाजर के हलवे में ऐसा क्या था जिससे बच्चों की तबीयत बिगड़ी।वहीं स्कूल प्रबंधन बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। स्वास्थ्यकेंद्र में बच्चों की निगरानी जारी है और समय पर उपचार मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।