हाईवे व लघु सेतु परियोजनाओं से बाराबंकी के विकास को मिलेगी रफ्तार
<निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल (बाराबंकी)। जनपद के समग्र विकास को नई गति प्रदान करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं से न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी नया विस्तार मिलेगा। केंद्र सरकार द्वारा बाराबंकी से बहराइच के मध्य 4-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे निर्माण परियोजना को मंजूरी प्रदान की गई है। लगभग 6,969 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली यह परियोजना पूर्वांचल एवं तराई क्षेत्र के बीच आवागमन को तेज, सुरक्षित एवं सुगम बनाएगी। इससे व्यापार, निवेश एवं पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ जनपद की रणनीतिक महत्ता भी बढ़ेगी। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा जनपद में विभिन्न विकास खंडों के अंतर्गत 7 लघु सेतु (आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट सहित) निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनकी कुल लागत 2180.98 लाख रुपये है। इन कार्यों के अंतर्गत 975.59 लाख की लागत से ब्लाक बनीकोडर में बाजपुर–पाराहाजी संपर्क मार्ग पर 3×18.75 मीटर लघु सेतु का निर्माण, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग, सुरक्षात्मक कार्य एवं भूमि अधिग्रहण का कार्य शामिल है। विकास खंड सूरतगंज में 487.13 लाख की लागत से जलालपुर से सरदार बगला वाया धनवालिया मार्ग पर लघु सेतु सहित पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा। वहीं 313 लाख की लागत से मरकामऊ चौकाघाट मार्ग के किमी 2 पर स्थित क्षतिग्रस्त लघु सेतु के स्थान पर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा 169.81 लाख की लागत से विकास खंड बंकी में ज्योली शाहबपुर जहाँगीराबाद मार्ग से बाराबंकी–देवा–फतेहपुर मार्ग वाया कनौजिया मार्ग के किमी 04 पर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट एवं पहुंच मार्ग का निर्माण, 92.65 लाख की लागत से विकास खंड हरख में सराय सिकंदरपुर संपर्क मार्ग के बरसाती नाले पर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट, 107.44 लाख की लागत से विकास खंड सिद्धौर में पूरब बेलाव मार्ग से मसारा मार्ग के मध्य नाले पर बॉक्स कल्वर्ट तथा 35.36 लाख की लागत से लक्ष्यबर–बजहा–करपिया–नेवला मार्ग के किमी 01 पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण किया जाएगा। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं से जनपद के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराए जाएं, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके। साथ ही शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक योजना का पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।









