प्रदेश के मुखिया महन्त योगी आदित्यनाथ के 10 फरवरी को तहसील सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के ग्राम दुल्हदेपुर आगमन को लेकर जिला अधिकारी, पुलिस अधीक्षक ने उच्च स्तरीय बैठक की
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत ।। सिरौलीगौसपुर बाराबंकी। तहसील क्षेत्र के दुल्हदेपुर में 9 से 18 फरवरी 2026 तक एक धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10 फरवरी को शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने एक उच्च स्तरीय बैठक की बैठक में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सूदन, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तेजस के सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की। यह कार्यक्रम दुल्हदेपुर कुटी हड़ाहा स्थित श्री रामजानकी मंदिर बजरंग व्यायामशाला में आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन अनंत विभूषित परम पूज्य हिन्द केशरी श्री सद्गुरूदेव ब्रह्मलीन पहलवान महंत श्री श्री 1008 हरिशंकर दास जी महाराज की पुण्य स्मृति में किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ दुल्हदेपुर कुटी का दौरा भी किया। उन्होंने हेलीपैड, बैरिकेडिंग, पार्किंग और जनसभा स्थल का गहन निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम 10 फरवरी को प्रस्तावित है। इसी के मद्देनजर अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम की शुरुआत 9 फरवरी 2026, सोमवार को अखंड श्री रामनाम संकीर्तन से होगी। मुख्यमंत्री के आगमन वाले दिन, 10 फरवरी को रामार्चन महायज्ञ और श्री रामलीला मंचन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद, 11 फरवरी को विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। 12 फरवरी को वेदी पूजन के साथ निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन होगा, जबकि 13 फरवरी को निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। 14 फरवरी को वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह एवं वस्त्र वितरण कार्यक्रम निर्धारित है। महाशिवरात्रि के अवसर पर 15 फरवरी को सामूहिक महारुद्राभिषेक होगा। 16 फरवरी को पुनः श्री रामलीला मंचन और 17 फरवरी को सामूहिक पूर्णाहुति की जाएगी। कार्यक्रम का समापन 18 फरवरी को निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह और महाप्रसाद ग्रहण समारोह के साथ होगा। कार्यक्रम के आयोजकों में से एक महंत बाबा बलराम दास ने बताया कि उनके निवेदन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम में आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल हों।