लोधेश्वर महादेवा धाम फागुनी मेले की व्यवस्थाओं का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
निष्पक्ष जन अवलोकन। रामशंकर वर्मा।
रामनगर (बाराबंकी)। सुप्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा धाम में चल रहे फागुनी मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी शशांक कुमार त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेला क्षेत्र में बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में डीएम व एसपी ने ऑडिटोरियम एवं बोहनिया तालाब पर लगाई गई बैरिकेडिंग जाल की स्थिति देखी तथा श्रद्धालुओं के पूजन-दर्शन हेतु बनाए गए होल्ड-अप बैरिकेडिंग की मजबूती को परखा। मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा बनाए गए रैन बसेरा का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान बंद पड़े आरओ के संबंध में जानकारी लेने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उसे शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने अभरण सरोवर तालाब पहुंचकर वहां की बैरिकेडिंग एवं महिलाओं के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम का निरीक्षण किया। पंचायत भवन के निकट निर्मित शौचालयों को नियमित रूप से चालू रखने के निर्देश दिए गए। मेला बाग में दुकानों की व्यवस्था की भी जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कीचड़ व जलभराव पाए जाने पर तत्काल मिट्टी डलवाकर मार्ग दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इसके उपरांत पीएचसी के सामने बने रैन बसेरा का निरीक्षण करते हुए प्रकाश, शौचालय एवं अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। खंड विकास अधिकारी सूरतगंज को सुधार कार्य पूर्ण होने के बाद फोटो उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही महादेवा-लोधौरा मार्ग के किनारे पीडब्ल्यूडी द्वारा डाली गई गिट्टियों तथा केसरीपुर-महादेवा मार्ग पर मौजूद गड्ढों को शीघ्र समतल कराने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी शशांक कुमार त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने आदि देव महादेव शिवलिंग का विधिवत पूजन-अर्चन कर जनकल्याण की कामना की तथा मेले में आए श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर अपर मुख्य विकास अधिकारी ए. सुदन, अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवधेश कुमार यादव, अधिशासी अभियंता शशिकांत सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामनगर, क्षेत्राधिकारी रामनगर, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, खंड विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह, सीएचसी अधीक्षक प्रणव श्रीवास्तव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।