पुलिस ने संभाली सड़क सुरक्षा की कमान लोगों को सिखाए यातायात के नियम
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले भर में चला जागरूकता अभियान
निष्पक्ष जन अवलोकन। अरविन्द कुमार पटेल। ललितपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के कुशल निर्देशन में जनपदीय पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन को सड़क सुरक्षा के महत्व से रूबरू कराया। चौराहों और मुख्य मार्गों पर लोगों को रोककर हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और ओवरस्पीडिंग से बचने की सलाह दी गई। पुलिस कर्मियों ने युवाओं को विशेष रूप से जिम्मेदार ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साह दिखाया और पुलिस से सड़क सुरक्षा से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।