गिरवी रखे चांदी के जेवर व सिक्के लौटाने से इंकार, पुलिस से की शिकायत
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं/बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव हैवतपुर की एक महिला ने बदायूं निवासी एक सर्राफा व्यापारी पर गिरवी रखे चांदी के जेवर और सिक्के वापस न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पीड़िता ने मामले में कार्रवाई कर अपना सामान वापस दिलाने की मांग की है। गांव हैवतपुर निवासी कलावती पत्नी राजेश कुमार ने कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 23 महीने पहले आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने बदायूं के एक सर्राफा व्यापारी के यहां लगभग 400 ग्राम चांदी के जेवर और करीब 12 ग्राम का एक पुराना चांदी का सिक्का 12 हजार रुपये में गिरवी रखा था। पीड़िता का आरोप है कि अब जब वह अपना सामान वापस लेने के लिए व्यापारी के पास पहुंची तो उसने जेवर और सिक्का लौटाने से साफ इंकार कर दिया। महिला का कहना है कि उसने कई बार व्यापारी से अनुरोध किया और कुछ रुपये भी जमा कर दिए, लेकिन इसके बावजूद व्यापारी सामान लौटाने को तैयार नहीं हुआ। कलावती के अनुसार वह गांव के प्रधान और कुछ अन्य लोगों के साथ व्यापारी की दुकान पर भी पहुंची, लेकिन वहां भी उसकी बात नहीं सुनी गई। आरोप है कि इस दौरान व्यापारी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और धक्का देकर दुकान से बाहर निकाल दिया। साथ ही गाली-गलौज भी की। पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए गिरवी रखे चांदी के जेवर और सिक्के वापस दिलाने तथा आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।






