।
सिरौलीगौसपुर बाराबंकी। थाना कोतवाली बदोसराय क्षेत्र के बरौलिया गांव में एक जनरल स्टोर में चोरी करते हुए एक युवक को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आरोपी को रस्सी से बांधकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पीड़ित दुकानदार देवानंद वर्मा ने बताया कि यह घटना सोमवार की देर रात लगभग 2 से 3 बजे के बीच उनके आवासीय मकान में जनरल स्टोर में हुई। दुकान के अंदर खड़बड़ की आवाज सुनकर वह जागे। देवानंद ने देखा कि दुकान के अंदर गांव का ही गोलू उर्फ शुभम पुत्र फूलचंद मौजूद था। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शुभम को पकड़ लिया। देवानंद ने तहरीर में बताया कि दुकान के गल्ले की जांच करने पर कल की बिक्री और बचत के लगभग 50,000 रुपये गायब मिले। पीड़ित की तहरीर के अनुसार, आरोपी शुभम ने अपने अन्य साथियों को पैसे दे दिए होंगे, जो शोर सुनकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने आरोपी गोलू उर्फ शुभम को हिरासत में लेकर बदोसराय कोतवाली ले आई। कोतवाली बदोसराय के प्रभारी निरीक्षक राम अवतार सरोज ने बताया कि आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है और पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।









