सड़क सुरक्षा के प्रति आपदा मित्रों और सिविल डिफेंस ने ली शपथ
यातायात पुलिस ने कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यशाला में सिखाए सुरक्षा के गुर, कोहरे में सावधानी बरतने पर दिया जोर
निष्पक्ष जन अवलोकन। अरविन्द कुमार पटेल। ललितपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में यातायात पुलिस द्वारा एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में आपदा मित्रों और सिविल डिफेंस के सदस्यों को यातायात नियमों की बारीकियों से अवगत कराया गया और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यशाला में अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह व क्षेत्राधिकारी यातायात राजेश श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में यातायात टीम ने उपस्थित सदस्यों को बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमों का पालन करना अनिवार्य है। अधिकारियों ने कहा कि आपदा मित्र और सिविल डिफेंस के सदस्य समाज का अभिन्न अंग हैं, यदि वे जागरूक होंगे तो समाज के अन्य लोगों को भी बेहतर ढंग से प्रेरित कर सकेंगे। इन नियमों पर रहा विशेष जोर। यातायात पुलिस ने प्रशिक्षण के दौरान दोपहिया वाहन पर हेलमेट, चार पहिया में सीट बेल्ट और ओवरलोडिंग (तीन सवारी) न करने की कड़ी हिदायत दी। विशेष रूप से वर्तमान में पड़ रहे घने कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों को सलाह दी गई कि वे वाहन की हेडलाइट और फॉग लाइट का सही प्रयोग करें। कोहरे में बरते सावधानी। निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं। आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाई बीम की जगह लो बीम का प्रयोग करें ताकि दृश्यता बनी रहे। रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचें, यह जानलेवा साबित हो सकती है। इस दौरान यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने डेमो के माध्यम से सुरक्षा मानकों की जानकारी साझा की।