बाराबंकी में भीषण अग्निकांड: घर जला, दो भैंसों की दर्दनाक मौत
निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। ग्राम पंचायत सिकरी जीवल के अंतर्गत गाँव सिकरी में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां गांव निवासी सागर यादव के घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और घर में रखी पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। इस अग्निकांड में परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। घर में बंधी दो भैंसें भी आग की चपेट में आ गईं, जिनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ग्रामीणों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। आसपास के लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उनके पास अब न तो रहने के लिए सुरक्षित घर बचा है और न ही जीविका का प्रमुख साधन पशुधन। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से मांग की है कि मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कराया जाए और पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रभावित परिवार को राहत सामग्री, पशुधन क्षतिपूर्ति और आवासीय सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें इस कठिन समय में सहारा मिल सके।









