पुलिस ने वीघा खेत टोल प्लाजा पर 24×7ऑडियो संदेशों के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

पुलिस ने वीघा खेत टोल प्लाजा पर 24×7ऑडियो संदेशों के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

निष्पक्ष जन अवलोकन। अरविन्द कुमार पटेल। ललितपुर। जनपद में पुलिस अधीक्षक, मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस, ललितपुर द्वारा निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद के वीघा खेत टोल प्लाजा पर वाहन चालकों/ आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु 24 घंटे 24×7 ऑडियो संदेशों का प्रसारण किया जा रहा है। इस ऑडियो संदेश के माध्यम से वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, शराब पीकर वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, लेन अनुशासन बनाए रखने, ओवरलोडिंग से बचने तथा सड़क पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली जन-धन की हानि के प्रति भी लोगों को सतर्क किया जा रहा है। वीघा खेत टोल प्लाजा से प्रतिदिन बड़ी संख्या में चार पहिया, दो पहिया एवं भारी वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में यातायात पुलिस द्वारा लगातार ऑडियो संदेशों का प्रसारण यात्रियों पर सकारात्मक प्रभाव डाल रहा है और उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए प्रेरित कर रहा है। यातायात पुलिस, ललितपुर का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सड़क सुरक्षा संस्कृति को विकसित करना तथा दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। टोल प्लाजा पर चल रहे इस जागरूकता अभियान की यात्रियों द्वारा सराहना की जा रही है। यातायात पुलिस, ललितपुर द्वारा समस्त वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षित, सुगम एवं दुर्घटनामुक्त यात्रा का आधार है।