जनगणना ड्यूटी की अव्यवस्थाओं पर भड़का शिक्षक संघ, सांसद और शिक्षक एमएलसी को सौंपा ज्ञापन।
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत ।। बाराबंकी। जनगणना ड्यूटी में शिक्षकों के साथ हो रही अव्यवस्थाओं और परेशानियों को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, बाराबंकी ने सांसद तनुज पुनिया एवं लखनऊ शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मकान सूचीकरण कार्य के लिए शिक्षकों की ड्यूटी उनके कार्यक्षेत्र से कई किलोमीटर दूर लगाए जाने से भीषण गर्मी में शिक्षकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही कनिष्ठ शिक्षकों को सुपरवाइजर और वरिष्ठ शिक्षकों को प्रगणक बनाए जाने से शिक्षकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। शिक्षक संघ ने यह भी मुद्दा उठाया कि हाउस लिस्टिंग ब्लॉक आवंटन में एकरूपता न होने से कहीं कम तो कहीं अत्यधिक कार्यभार दिया गया है, जिससे शिक्षकों में नाराजगी है। संगठन ने मांग की कि भीषण गर्मी को देखते हुए जनगणना कार्य के लिए अतिरिक्त समय दिया जाए तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश में लिए जा रहे कार्य के बदले शिक्षकों को उपार्जित अवकाश प्रदान किया जाए। संघ ने सांसद और शिक्षक एमएलसी से शिक्षकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की, ताकि शिक्षकों को राहत मिल सके। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ० राकेश सिंह,जिला मंत्री उमानाथ मिश्र,जिला कोषाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव,जिला आईटी सेल मीडिया प्रभारी दिलीप तिवारी,जिला मीडिया प्रभारी जय कुमार,जिला संगठन मंत्री रवि प्रताप भदौरिया,रामनगर ब्लॉक वरिष्ठ उपाध्यक्ष अयोध्या प्रसाद रावत,ब्लॉक उपाध्यक्ष फतेहपुर गुनित शर्मा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।









