प्रदेश के खादय रसद राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने टिकैत नगर में विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण किया और गरीबों को कम्बल वितरित किए
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत ।। सिरौलीगौसपुर बाराबंकी। नगर पंचायत टिकैतनगर में गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद व नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर 1311 पात्र लोगों को कंबल भी वितरित किए गए। कुल 6 करोड़ 95 लाख रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखी गई।यह कार्यक्रम नगर पंचायत टिकैतनगर के कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया था। राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार गरीबों के लिए योजनाएं चला रही है, जिससे उन्हें लाभ मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संकल्प को दोहराया कि प्रदेश में कोई भी गरीब भूखा या बेघर नहीं रहेगा मंत्री ने बताया कि सरकार प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के माध्यम से गरीबों को मकान उपलब्ध करा रही है, वहीं निशुल्क राशन भी मुहैया करा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार नगर पंचायतों और गांवों को भी विकास से तेजी के साथ जोड़ रही है। उन्होंने इन परियोजनाओं को मुख्यमंत्री की प्रेरणा का परिणाम बताया।इस अवसर पर मंत्री सतीश शर्मा ने नगर पंचायत अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने टिकैतनगर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है। अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता ने खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना ये विकास कार्य संभव नहीं थे। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, जिला उपाध्यक्ष दिलीप मिश्रा सहित कई भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।