गोरखपुर में भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान की कार्यशाला, कमलेश पासवान ने सोशल मीडिया उपयोग में सतर्कता पर दिया जोर
गोरखपुर में भाजपा की जिला कार्यशाला में 7 मार्च से 15 अप्रैल तक प्रशिक्षण महाअभियान चलाने का निर्णय। केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर जोर दिया।
निष्पक्ष जन अवलोकन
विभव पाठक
गोरखपुर। मंगलवार को रानीडीहा स्थित भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी की अध्यक्षता में ‘दीन दयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ को लेकर जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में आगामी 07 मार्च से 15 अप्रैल तक जनपद में चलने वाले जिला व मंडल स्तरीय प्रशिक्षण शिविरों की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया।
कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता व भूमि विकास बैंक के निवर्तमान सभापति संत राज यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यशालाओं के माध्यम से अपने कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी केवल संगठन विस्तार के लिए कार्यकर्ताओं को नहीं जोड़ती, बल्कि प्रशिक्षण के माध्यम से उनके व्यक्तित्व का विकास भी करती है।
उन्होंने कहा कि वैचारिक उत्थान के लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों को धरातल पर उतारते हुए जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पंच परिवर्तन विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित कमलेश पासवान, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री, ने सोशल मीडिया के उपयोग में सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एआई के इस दौर में विरोधियों द्वारा एडिटेड वीडियो और फोटो के माध्यम से दुष्प्रचार किया जा रहा है, जिससे स्वयं भी सजग रहना होगा और आमजन को भी जागरूक करना होगा।
उन्होंने कहा कि यदि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग किया जाए, तो यह पार्टी और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकता है। केंद्र और प्रदेश सरकार की विकासपरक योजनाओं के प्रचार-प्रसार में सोशल मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कहा कि प्रशिक्षण अभियान भाजपा की संगठनात्मक शक्ति का आधार है। प्रशिक्षित कार्यकर्ता संगठन के प्रत्येक कार्य में सक्रिय भूमिका निभाते हुए सरकार की नीतियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, जिसके कारण पार्टी का विजय अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है।
कार्यशाला का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिकेष राम त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, मार्कण्डेय राय, बंशबहादुर सिंह, जिला महामंत्री एवं प्रशिक्षण अभियान जिला संयोजक डॉ. आरडी सिंह, सहसंयोजक चंचला शुक्ला, दीपक सिंह सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।