रेडक्रॉस सोसाइटी ने टीबी मरीजों को बांटी पोषण किट स्वस्थ भारत का दिया संदेश
निष्पक्ष जन अवलोकन। अरविन्द कुमार पटेल। ललितपुर। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, द्वारा शुक्रवार को जिला क्षयरोग नियंत्रण केंद्र में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्र में उपचार करा रहे क्षयरोगियों टीबी मरीजों को बेहतर पोषण के लिए 'पोषण आहार किट' वितरित की गईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. एस.पी. पाठक ने कहा कि क्षयरोगियों की सेवा करना एक पुनीत कार्य है। सही दवा के साथ-साथ अगर मरीज को पोषक आहार मिले, तो वह बहुत जल्द स्वस्थ होकर समाज की मुख्य धारा में वापस लौट सकता है। जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. आर.एन. सोनी ने प्रोटीन युक्त भोजन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह पहल समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से हम भारत को 'टीबी मुक्त' बनाने के अभियान को सफल बनाएंगे। उप जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. धीरेंद्र वैध ने अधिक से अधिक मरीजों को चिन्हित कर उपचार से जोड़ने की बात कही, वहीं पी.पी.एम. कोऑर्डिनेटर आदेश श्रीवास्तव ने संक्रमण से बचाव के लिए मरीजों को मास्क लगाने की सलाह दी। इस अवसर पर डॉ. एम.एस. तोमर, डॉ. शशांक पाठक, डॉ. सनद मोदी, उप संरक्षक राजेश लिटौरिया और जिला प्रभारी अजय बरया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।