बेलहरा में बंदरों का आतंक, 8 वर्षीय बच्चे पर हमला
जन अवलोकन सूरतगंज-बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बेलहरा में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को मोहल्ला बखरिया टोला निवासी मोबीन के 8 वर्षीय पुत्र दानिश पर बंदरों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना उस समय हुई जब दानिश घर के बाहर खेल रहा था। परिजनों ने उसे तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। क्षेत्र में बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि लोग अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। बंदर न केवल लोगों पर हमला कर रहे हैं, बल्कि खेतों में खड़ी फसलों और घरों की छतों पर रखे सामान को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।









