प्रधानाचार्य परिषद की नई कार्यकारिणी गठित

निष्पक्ष जन अवलोकन। विजयराम जायसवाल।

फतेहपुर/बाराबंकी। फतेहपुर क्षेत्र में शैक्षिक और सामाजिक गतिविधियों को लेकर रविवार का दिन महत्वपूर्ण रहा। एक ओर जहां उ०प्र० प्रधानाचार्य परिषद जिला इकाई की कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन हुआ, वहीं दूसरी ओर आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी भारत एकता मिशन द्वारा संयुक्त रूप से बैठक व कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

उ०प्र० प्रधानाचार्य परिषद जिला इकाई का चुनाव अयोध्या मंडल के मंडलीय मंत्री डा० विनोद कुमार सिंह के संयोजकत्व में एक इंटर कॉलेज में संपन्न हुआ। चुनाव से पूर्व जिले भर से आए प्रधानाचार्यों ने शिक्षा से जुड़ी समस्याओं, शैक्षणिक गुणवत्ता और संगठन की भूमिका पर गहन चर्चा की। इसके बाद जागृति इंटर कॉलेज सूरतगंज के प्रधानाचार्य डा० रमेशचन्द्र ओझा द्वारा नवीन कार्यकारिणी के गठन का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। चुनाव में आज़ाद इंडस्ट्रियल इंटर कॉलेज फतेहपुर के प्रधानाचार्य दिनेशचन्द्र पाण्डे को अध्यक्ष, पी०पी० इंटर कॉलेज आरएस घाट के प्रधानाचार्य श्यामनारायन को कार्यकारी अध्यक्ष, सत्य नाम विद्यापीठ भोजपुर खाला के प्रधानाचार्य आलोकनाथ श्रीवास्तव को जिला मंत्री तथा प्रतिभा शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज नरैनी देवां के प्रधानाचार्य इन्द्रकुमार को कोषाध्यक्ष घोषित किया गया। इस अवसर पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष अशोक कुमार त्रिपाठी को प्रान्तीय संगठन मंत्री बनाए जाने पर सम्मानित किया गया।