पॉक्सो एक्ट में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुधीर कुमार पुत्र लालजी यादव निवासी ग्राम सिंघनापुर मजरे हैदरगंज के रूप में हुई है। वह इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस संबंध में कोतवाल अमित सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अपराध में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।