घरेलू विवाद के बाद घर से निकली युवती का रेलवे ट्रैक पर मिला शव
निष्पक्ष जन अवलोकन। रामशंकर वर्मा।
रामनगर, बाराबंकी। घरेलू विवाद के बाद घर से निकली 18 वर्षीय युवती का शव बुढ़वल रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम अगानपुर निवासी जगतपाल सिंह की 18 वर्षीय पुत्री स्वाति मंगलवार देर रात अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी परिजनों से कहासुनी हो गई। बताया जाता है कि विवाद के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गई।
काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसी बीच देर रात बुढ़वल रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा होने की सूचना मिली।
सूचना पाकर जीआरपी मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। बाद में शव की पहचान स्वाति के रूप में हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव को देखकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
आरपीएफ इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।









