नाबालिग अपहरण मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। थाना पुलिस ने नाबालिग के अपहरण, पॉक्सो एक्ट व एससी/एसटी एक्ट के वांछित आरोपी अनिल कुमार उर्फ रंगोली कश्यप को हैदरगंज तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपहरण करने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।









