गोरखपुर में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान, ठेले-काउंटर जब्त, जुर्माना वसूला
गोरखपुर में नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज, कबाड़ी गली और एमपी पॉलिटेक्निक तक कार्रवाई, ठेले जब्त और जुर्माना वसूला गया।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
नगर निगम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने छात्र संघ चौराहा स्थित कबाड़ी गली में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से लगाए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से दो लोहे के ठेले और एक लोहे का काउंटर जब्त किया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 2000 रुपये का चालान काटा गया।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम की ओर से जेसीबी, डीसीएम, ट्रैक्टर-ट्रॉली और छह मजदूरों की तैनाती की गई थी। प्रवर्तन टीम में इंस्पेक्टर राम विजयपाल समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे क्षेत्र में सघन जांच करते हुए अतिक्रमण हटवाया।
इसके अलावा झूलेलाल मंदिर से लेकर एमपी पॉलिटेक्निक तक भी अभियान चलाया गया, जहां सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए 2900 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने कहा कि शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं अतिक्रमण न करें और शहर को स्वच्छ एवं सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।









