शहतूत के पेड़ से लटककर अधेड़ ने की आत्महत्या, इलाके में सनसनी

निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। बेटी की ससुराल से वापस लौटे एक 50 वर्षीय अधेड़ ने घर के सामने लगे शहतूत के पेड़ में अपने ही गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही सफदरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, सफदरगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला वाल्मीकि नगर निवासी पीरजान (50) पुत्र बेचू शनिवार को अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कस्बा मसौली स्थित अपनी पुत्री की ससुराल एक कार्यक्रम में गए थे। कार्यक्रम के बाद पत्नी और बच्चे वहीं रुक गए, जबकि पीरजान दोपहर में घर लौट आए। घर पहुंचने के कुछ समय बाद उन्होंने घर के सामने लगे शहतूत के पेड़ में गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।