फ्यूचर लीडर्स स्कूल में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन, विधार्थियो ने रखे अपने अपने विचार

निष्पक्ष जन अवलोकन

फ्यूचर लीडर्स स्कूल में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन, विधार्थियो ने रखे अपने अपने विचार

बिल्सी/बदायूँ ।फ्यूचर लीडर्स स्कूल में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक भव्य भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की गई। कक्षा 2 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए “प्रदूषण का बुरा प्रभाव” विषय रखा गया, जिसमें नन्हे विद्यार्थियों ने सरल शब्दों में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वायु, जल एवं ध्वनि प्रदूषण के दुष्प्रभावों को प्रस्तुत किया तथा स्वच्छता और वृक्षारोपण का संदेश दिया। वहीं कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने “आत्म-अनुशासन” विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से बताया कि जीवन में सफलता के लिए आत्म-अनुशासन, समय का सदुपयोग, नियमित अध्ययन एवं अच्छे आचरण का कितना महत्व है। प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कक्षा 2 से ईवान, तेजस्विनी एवं प्रयाग; कक्षा 3 से प्रज्ञा, जिज्ञासा एवं अहान; कक्षा 4 से वर्तिका एवं इशू; कक्षा 5 से अनिका एवं मुस्कान; कक्षा 6 से सृष्टि सिंह; कक्षा 7 से समर्थ मौर्य एवं शिवाक्ष गुप्ता तथा कक्षा 8 से आरुषि शाक्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, विषय की समझ एवं प्रस्तुति शैली के आधार पर विजेताओं का चयन किया। सभी प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया। विद्यालय के डायरेक्टर वी पी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को उजागर करने का सशक्त माध्यम हैं और इससे उनमें आत्मविश्वास एवं मंच कौशल का विकास होता है। वहीं एमडी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास भी अत्यंत आवश्यक है। प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के अनेक शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव साबित हुई।