पचपेड़वा में तेंदुए का आतंक, जंगल से सटे गांव में किसान को मार डाला
निष्पक्ष जन अवलोकन। संवाददाता बदरूजमा चौधरी। पचपेड़वा बलरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भाभर रेंज से सटे गांवों में शुक्रवार सुबह दहशत फैल गई, जब एक तेंदुए ने ग्रामीण पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना सुबह लगभग 7 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रहरा चौकी क्षेत्र के निवासी हरिकांत यादव (45 वर्ष) रोज की तरह सुबह पशु चराने और महुआ बीनने जंगल के किनारे गए थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, हमला इतना तेज था कि हरिकांत को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर वन विभाग और पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि भाभर रेंज के जंगल से आए दिन जंगली जानवर गांव की ओर आ जाते हैं, जिससे लोगों में लगातार भय बना रहता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद वन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हुई है और उसे पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग अपने घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।









