उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल के आवास पर मना मकर संक्रांति उत्सव, पहुंचे दोनों उप मुख्य मंत्री
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।पटना बिहार सरकार के उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल के सरकारी आवास (2, स्टैंड रोड) पर अखिल विप्र कल्याणम् द्वारा आयोजित “मकर संक्रांति उत्सव एवं संस्कृत संस्कृति–संस्कार समागम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त अवसर पर विधिवत पूजा-अनुष्ठान में सम्मिलित होकर भगवान से प्रदेश एवं समाज के कल्याण की प्रार्थना मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल ने की और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उपस्थित जनसमूहों को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल ने सनातन परंपराओं, संस्कृत संस्कृति और सामाजिक संस्कारों के संरक्षण व संवर्धन पर अपने विचार साझा करते हुए कहा ऐसे आयोजन से हमारी सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करने के साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इस प्रकार तिल, गुड़ और दही-चूड़ा की परंपरा के साथ आत्मीयता और अपनत्व से भरा यह उत्सव हमारी सांस्कृतिक एकता की सुंदर झलक प्रस्तुत करता है। यह आयोजन सामाजिक सौहार्द और आपसी सद्भाव की भावना को सशक्त करने वाला रहा। आयोजित मकर संक्रांति उत्सव में उपस्थित थे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिंहा, जद(यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, कार्यक्रम आयोजक संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा तथा पूर्व संगठन महामंत्री सह पूर्व विधान पार्षद हरेंद्र प्रताप सहित सैकड़ों गणमान्य लोग।